बलिया में पत्रकार की हत्या के बाद आगरा के पत्रकारों का फूटा गुस्सा, उठाई ये मांग

उत्तर प्रदेश के बलिया में सोमवार की रात हुई ‘सहारा न्यूज’ के पत्रकार रतन सिंह की हत्या के बाद आगरा के पत्रकारों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर अपनी भड़ास निकाली है

Last Modified:
Tuesday, 25 August, 2020
Protest


उत्तर प्रदेश के बलिया में सोमवार की रात हुई ‘सहारा न्यूज’ के पत्रकार रतन सिंह की हत्या के बाद आगरा के पत्रकारों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर अपनी भड़ास निकाली है। यहां के पत्रकारों ने मंगलवार को शहीद स्मारक पर एकजुट होकर रतन सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने प्रदेश सरकार से रतन सिंह के परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी व पचास लाख रुपये देने की मांग भी उठाई।

इन पत्रकारों का कहना था कि प्रदेश में आए दिन पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे उनका काम करना मुश्किल हो गया है। पिछले कुछ दिनों में पत्रकारों पर हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं, इसके बावजूद प्रदेश सरकार इस तरह की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। इन पत्रकारों का यह भी कहना था, ‘हाल में ही कानपुर में हुई आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में प्रदेश सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए कई कुख्यात बदमाशों का एनकाउंटर कर पुलिसकर्मियों की मौत का बदला लिया था, लेकिन जब भी पत्रकारों के ऊपर हमले की बात सामने आती है तो प्रदेश सरकार मौन हो जाती है।’

यह भी पढ़ें: पत्रकार को पहले जमकर पीटा, फिर गोली मारकर कर दी हत्या

इस मौके पर राष्ट्रीय सहारा, आगरा के ब्यूरो प्रभारी समीर कुरेशी का कहना था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देने में लगे हुए हैं। प्रदेश में पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से रतन सिंह के परिजनों में से किसी एक को सरकारी नौकरी व 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग भी उठाई।

रतन सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों में पत्रकार अनुपम पांडे, शोबित चतुर्वेदी, पंकज गुप्ता, नितिन उपाध्याय, बिनीत दुबे, शिव चौहान, अनिल शर्मा, सैय्यद शकील, संजय सिंह, मानवेन्द्र मल्होत्रा, कपिल अग्रवाल, कमिर कुरेशी, हरीश कुमार, अनुज उपाध्याय, कामरान वरसी, शिवम प्रजापति व दीपक राठौर आदि शामिल रहे।

गौरतलब है कि बलिया निवासी पत्रकार रतन सिंह की सोमवार की रात कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पिटाई करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि किसी पुराने विवाद में रतन सिंह की हत्या की गई है, वहीं रतन सिंह के परिजनों ने विवाद की बात से इनकार किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए इस हत्याकांड में शामिल बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने रतन सिंह के परिजनों को दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

खुद को पत्रकार बताने वालों को जरूरी नहीं समान सुरक्षा : सुप्रीम कोर्ट

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों के कथित दुर्व्यवहार मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकारों की पहचान, मान्यता, सुरक्षा और अधिकारों पर मौखिक टिप्पणी की।

Samachar4media Bureau by
Published - Thursday, 26 November, 2026
Last Modified:
Thursday, 26 November, 2026
supremecourt

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़े मामले की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकारों की पहचान और उन्हें मिलने वाली सुरक्षा को लेकर अहम मौखिक टिप्पणी की है।

जस्टिस जॉयमाल्या बागची (Justice Joymalya Bagchi) ने कहा कि खुद को पत्रकार बताने वाले लोगों को जरूरी नहीं कि मान्यता प्राप्त (Accredited) पत्रकारों जैसी सुरक्षा मिले।

लाइव लॉ (LiveLaw) की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने टिप्पणी की कि पत्रकार का दर्जा खुद से घोषित नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रेस काउंसिल (Press Council) से मान्यता प्राप्त अखबारों, मीडिया संस्थानों और पंजीकृत ऑनलाइन पत्रकारों से जुड़े लोगों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तियों की पहचान और उनके दर्जे को समझना जरूरी है।

न्यायमूर्ति बागची ने इस विषय पर सवाल उठाया कि क्या पत्रकार वह व्यक्ति है जो प्रेस काउंसिल के तहत पंजीकृत संस्थान से जुड़ा है, किसी अखबार या टीवी चैनल में काम करता है, अथवा सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाकर खुद को पत्रकार बताता है।

कोर्ट के सामने यह मुद्दा भी आया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन पत्रकारों के साथ किस तरह व्यवहार करें और उनके अधिकारों की सीमा क्या हो।

सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत (CJI Surya Kant) ने भी संकेत दिया कि पत्रकारों के साथ व्यवहार को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश (Standard Operating Procedure) बनाने की जरूरत पड़ सकती है, जहां नियमों में अस्पष्टता या कमी हो। जस्टिस बागची ने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की राज्य की जिम्मेदारी के बीच संतुलन जरूरी है।

यह मामला दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की कवरेज के दौरान पत्रकारों के कथित उत्पीड़न और बाधा से संबंधित याचिकाओं की सुनवाई से जुड़ा है।

कोर्ट ने फिलहाल पत्रकारों की पहचान, सुरक्षा और प्रदर्शन के दौरान उनके अधिकारों से जुड़े सिद्धांतों पर विचार किया है। उसकी टिप्पणी मौखिक है और इसे पत्रकारों की सुरक्षा पर अंतिम फैसला नहीं माना जाना चाहिए।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

यौन उत्पीड़न मामले में मद्रास हाई कोर्ट ने मीडिया को खबरें प्रकाशित करने से रोका

तमिलनाडु में कल्लाकुरिची के विधायक अरुल विग्नेश से जुड़े यौन उत्पीड़न के मामले में मद्रास हाई कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Thursday, 26 November, 2026
Last Modified:
Thursday, 26 November, 2026
MadrasHighCourt8954

तमिलनाडु में कल्लाकुरिची के विधायक अरुल विग्नेश से जुड़े यौन उत्पीड़न के मामले में मद्रास हाई कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। कोर्ट ने मीडिया को इस मामले से जुड़ी जानकारी प्रकाशित करने, लोगों तक पहुंचाने या सार्वजनिक करने से रोक दिया है। कोर्ट का कहना है कि इस मामले को लेकर मीडिया में जिस तरह लगातार चर्चा हो रही थी, उससे अनावश्यक प्रचार हो रहा था। ऐसे संवेदनशील मामलों में प्रेस को ज्यादा जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी।

'लाइवलॉ' की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार, 24 नवंबर को जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन ने यह अंतरिम आदेश जारी किया। कोर्ट ने कहा कि मीडिया को इस तरह के मामले में संवेदनशीलता बरतनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसलिए अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ा।

POSH एक्ट की धारा 16 के तहत जानकारी प्रकाशित करने पर रोक

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि प्रेस और मीडिया को POSH एक्ट की धारा 16 के दायरे में आने वाली किसी भी जानकारी को प्रकाशित करने, साझा करने या सार्वजनिक करने की अनुमति नहीं होगी।

POSH एक्ट यानी कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 की धारा 16 के तहत शिकायत और जांच से जुड़ी जानकारी को सार्वजनिक करने पर रोक है। इसमें शिकायत की सामग्री, पीड़ित महिला की पहचान और जांच की कार्यवाही से जुड़ी जानकारी शामिल है।

अदालत ने राज्य पुलिस के साइबर क्राइम विभाग को भी इस मामले से जुड़े सभी सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और इंटरनेट इंटरमीडियरीज को कहा गया है कि वे मामले से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी प्रकाशित न होने दें।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक POSH एक्ट के तहत गठित इंटरनल कम्प्लेंट्स कमेटी (ICC) मामले का निपटारा नहीं कर देती और पीड़ित महिला को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक इस तरह की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जानी चाहिए।

अगर कोई पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या इंटरमीडियरी की नजर से बच जाती है, तो पुलिस को तुरंत इसकी जानकारी संबंधित प्लेटफॉर्म तक पहुंचाकर उसे हटवाना होगा।

आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

मद्रास हाई कोर्ट ने पुलिस को POSH एक्ट की धारा 16 का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने का भी निर्देश दिया है। कोर्ट का कहना है कि शिकायत और जांच से जुड़ी प्रतिबंधित जानकारी प्रकाशित करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

महिला अधिकारी को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

यह मामला एक महिला वकील की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया। याचिका में विधायक के खिलाफ एक महिला अधिकारी को अश्लील संदेश भेजने के आरोप में FIR दर्ज करने की मांग की गई थी।

इससे पहले कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा था कि क्या संबंधित महिला अधिकारी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर विधायक के खिलाफ FIR दर्ज की जा चुकी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने कहा कि आरोपी एक ऊंचे पद पर हैं और संवैधानिक पद से जुड़े हुए हैं। ऐसे में जांच की निगरानी जिला स्तर से ऊपर के अधिकारी द्वारा की जानी चाहिए।

IPS अधिकारी को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए मद्रास हाई कोर्ट ने तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक (SP) और IPS अधिकारी सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

इसके अलावा चेन्नई में पुलिस प्रशासन की इंस्पेक्टर जनरल (IG) एन. कामिनी को जांच की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। इस तरह कोर्ट ने जांच को जिला स्तर से ऊपर के अधिकारियों की निगरानी में रखने का फैसला किया है।

महिलाओं के साथ उत्पीड़न पर कोर्ट ने जताई चिंता

सुनवाई के दौरान अदालत ने इस बात पर भी चिंता जताई कि राज्य सरकार की सेवा में एक प्रभावशाली पद पर काम करने वाली महिला अधिकारी को कथित यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।

कोर्ट ने कहा कि उत्पीड़न किसी का पद, समय, स्थान, आर्थिक स्थिति या सामाजिक हैसियत देखकर नहीं होता। महिला चाहे किसी भी पद पर हो, वह इस तरह की घटनाओं का शिकार हो सकती है।

अदालत की यह टिप्पणी कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों की गंभीरता को दिखाती है। फिलहाल कोर्ट ने मामले की जांच की निगरानी के साथ-साथ शिकायत और जांच से जुड़ी गोपनीय जानकारी को सार्वजनिक होने से रोकने के लिए अंतरिम आदेश जारी किया है। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

TV9 मराठी के मैनेजिंग एडिटर उमेश कुमावत बने म्यूजिक कंपोजर, दूसरा रैप सॉन्ग चर्चा में

'Ur Trending in My Heart' के जरिए की शुरुआत, इस गाने ने यूट्यूब पर 3.52 लाख व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 25 November, 2026
Last Modified:
Wednesday, 25 November, 2026
Umesh Kumawat

पत्रकारिता की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले TV9 मराठी के मैनेजिंग एडिटर उमेश कुमावत इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं। खबरों की दुनिया में दो दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले उमेश कुमावत का संगीत के प्रति जुनून भी लोगों के सामने आ रहा है। उन्होंने अपना दूसरा रैप-हिप-हॉप गाना 'Ur Trending in My Heart' रिलीज किया है। खास बात यह है कि इस गाने के साथ उन्होंने पहली बार म्यूजिक कंपोजर के तौर पर भी अपनी शुरुआत की है।

उमेश कुमावत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस गाने की जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, यह गाना दुनियाभर के 150 म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसे यूट्यूब, एप्पल म्यूजिक, स्पॉटिफाई, अमेजन म्यूजिक और गाना जैसे प्लेटफॉर्म पर सुना जा सकता है। इस गाने ने यूट्यूब पर 3.52 लाख व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है।

बता दें कि 'Ur Trending in My Heart' उमेश कुमावत का दूसरा गाना है। इससे पहले उन्होंने 'Thak Gaya Main Sala' नाम से अपना पहला रैप सॉन्ग रिलीज किया था। इस गाने के बोल उमेश कुमावत ने लिखे थे और अपनी आवाज भी दी थी। फरवरी 2024 में रिलीज हुए इस गाने का संगीत सुनील सिंह ने तैयार किया था। इस तरह संगीत के क्षेत्र में उमेश का सफर पहले गाने से शुरू हुआ और अब दूसरे गाने के जरिए उन्होंने म्यूजिक कंपोजिशन में भी कदम रखा है।

नए गाने की खास बात यह है कि इसके बोल लिखने, संगीत तैयार करने और गाने की जिम्मेदारी उमेश कुमावत ने खुद संभाली है। समाचार4मीडिया से बातचीत में उमेश कुमावत ने बताया कि इस गाने का आइडिया करीब नौ साल पहले उनके मन में आया था। अब इसे रैप-हिप-हॉप अंदाज में तैयार कर श्रोताओं के सामने पेश किया गया है। गाने की थीम और अंदाज आज की डिजिटल पीढ़ी और खासकर जेन-जी (Gen Z) को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

यह रहा गाने का वीडियो

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

जियोस्टार में आकाश गुप्ता को मिली प्रोडक्ट फंक्शन की कमान

जियोस्टार ने एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स कारोबार में संगठनात्मक बदलाव किए हैं। नए ढांचे में आकाश गुप्ता प्रोडक्ट फंक्शन का नेतृत्व करेंगे, जबकि श्रीनिवास एसजी और चंद्रू आर उन्हें रिपोर्ट करेंगे।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 25 November, 2026
Last Modified:
Wednesday, 25 November, 2026
jiostar

जियोस्टार (JioStar) ने अपने एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स बिजनेस में कई संगठनात्मक बदलावों की घोषणा की है। नए ढांचे के तहत आकाश गुप्ता (Aakash Gupta) प्रोडक्ट फंक्शन का नेतृत्व करेंगे। श्रीनिवास एसजी (Srinivas SG) और चंद्रू आर (Chandru R) अब गुप्ता को रिपोर्ट करेंगे।

आकाश गुप्ता इससे पहले जियोस्टार में प्रोडक्ट, मोनेटाइजेशन और न्यू बेट्स (Product-Monetization and New Bets) के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (EVP) के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें प्रोडक्ट फंक्शन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कंपनी ने एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स कारोबार में संगठनात्मक ढांचे को लेकर यह बदलाव किए हैं। नई व्यवस्था का उद्देश्य विभिन्न फंक्शंस की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना, टीमों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और डिजिटल क्षमताओं को मजबूत करना है।

जियोस्टार के मुताबिक, ये बदलाव कंपनी के विकास के अगले चरण को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। नए ढांचे के जरिए कंपनी विभिन्न टीमों के बीच समन्वय बेहतर बनाने और डिजिटल कारोबार से जुड़ी क्षमताओं को मजबूत करने पर काम करेगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

पत्रकारिता को बाय बोलकर न्यूज एंकर पवन पांडेय ने चुनी अध्यात्म की राह

समाचार4मीडिया से बातचीत में पवन पांडेय ने बताया कि उन्होंने सांसारिक बंधनों का त्याग कर दिया है और यह फैसला परिवार की सहमति से लिया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 25 November, 2026
Last Modified:
Wednesday, 25 November, 2026
Pavan Pandey

 करीब 16 साल तक पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रहे न्यूज24 के पूर्व एंकर पवन पांडेय ने अब आध्यात्मिक जीवन की राह चुन ली है। लंबे समय तक न्यूज24 मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ में एंकरिंग की जिम्मेदारी संभालने वाले पवन पांडेय अब संत परंपरा में नई पहचान के साथ अपनी जीवन यात्रा आगे बढ़ाएंगे।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में स्थित ककरौआ मंदिर आश्रम में मंगलवार, 24 नवंबर को उनका पट्टाभिषेक संपन्न हुआ। इसके साथ ही उन्हें उनके गुरु महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 माधव मुकुंद दास जी महाराज ने नया नाम 'महंत रामसेवक दास' प्रदान किया।

समाचार4मीडिया से बातचीत में पवन पांडेय ने अपने इस फैसले के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने सांसारिक बंधनों का त्याग कर दिया है और आध्यात्मिक जीवन अपनाने का निर्णय परिवार की सहमति से लिया है। उनके मुताबिक, यह उनके जीवन का एक बड़ा बदलाव है और अब वह अपना जीवन सनातन परंपरा, आध्यात्मिक साधना और सेवा के मार्ग पर समर्पित करना चाहते हैं।

शाहजहांपुर के ककरौआ मंदिर स्थित आश्रम में आयोजित पट्टाभिषेक कार्यक्रम अयोध्याधाम के महामंडलेश्वर माधव मुकुंद दास जी महाराज के करकमलों से संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन के बाद पवन पांडेय अब संत परंपरा में महंत रामसेवक दास के रूप में अपनी नई भूमिका निभाएंगे।

गौरतलब है कि पवन पांडेय ने अपने पत्रकारिता करियर में प्रिंट मीडिया के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी काम किया। न्यूज24 के मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय संस्करण में उन्होंने लंबे समय तक एंकर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाई। अब पत्रकारिता के इस लंबे सफर को विराम देकर उन्होंने आध्यात्मिक जीवन को अपनाने का फैसला किया है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

जॉनाथन मुनरो को फिर मिली बीबीसी न्यूज़ के वैश्विक नेतृत्व की जिम्मेदारी

जॉनाथन मुनरो बीबीसी न्यूज़ के ग्लोबल डायरेक्टर पद पर लौट आए हैं। वह बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले वह बीबीसी न्यूज़ एंड करेंट अफेयर्स के अंतरिम सीईओ थे।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
bbc

जॉनाथन मुनरो (Jonathan Munro) बीबीसी न्यूज़ (BBC News) के ग्लोबल डायरेक्टर (Global Director) पद पर वापस लौट आए हैं। इस भूमिका में वह बीबीसी वर्ल्ड सर्विस (BBC World Service) की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मुनरो ने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट के जरिए अपनी नियुक्ति की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “आज मैं पत्रकारिता की सबसे बेहतरीन नौकरियों में से एक में वापस लौट रहा हूं – बीबीसी न्यूज़ के ग्लोबल डायरेक्टर के रूप में, जहां बीबीसी वर्ल्ड सर्विस जैसी प्रमुख संस्था की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए सम्मान की बात है।”

वह नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक बीबीसी न्यूज़ एंड करेंट अफेयर्स (BBC News and Current Affairs) के अंतरिम सीईओ (Interim CEO) के रूप में कार्यरत थे। इस दौरान वह बीबीसी की एग्जीक्यूटिव कमेटी (Executive Committee – ExCo) के सदस्य भी रहे।

इससे पहले भी मुनरो 2022 के अधिकांश समय में अंतरिम भूमिका में रहे थे। उस दौरान उन्होंने बीबीसी न्यूज़ के अंतरिम डायरेक्टर के तौर पर काम किया और बीबीसी बोर्ड तथा एग्जीक्यूटिव कमेटी (ExCo), दोनों का हिस्सा रहे।

मुनरो ने 2014 में बीबीसी जॉइन किया था। पिछले एक दशक में उन्होंने कई बड़े वैश्विक घटनाक्रमों के दौरान नेटवर्क की न्यूज कवरेज का नेतृत्व किया है। बीबीसी में आने से पहले वह आईटीएन (ITN) में 26 साल तक कार्यरत थे।

उन्होंने वहां एडिटोरियल ट्रेनी के रूप में करियर शुरू किया और बाद में ब्रिटेन, यूरोप तथा दुनिया के अन्य हिस्सों में कॉरेस्पॉन्डेंट के तौर पर काम किया।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

HT से सुकुमार की विदाई के मौके पर भावुक हुए शशि शेखर, बोले- आपकी कमी खलेगी

हिन्दुस्तान के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने सोशल मीडिया पर साझा की पोस्ट, आर. सुकुमार को बताया अपने जानने वाले बेहतरीन संपादकों में से एक और सच्चा दोस्त।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
Shashi Shekhar

हिन्दुस्तान टाइम्स निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ आर. सुकुमार की संस्थान से विदाई के मौके पर वरिष्ठ पत्रकार और हिन्दुस्तान के एडिटर-इन-चीफ शशि शेखर ने भावुक पोस्ट साझा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर उन्होंने 17 साल के शानदार सफर, अनगिनत यादों और एक यादगार शाम का जिक्र करते हुए सुकुमार की तारीफ की। शशि शेखर ने उन्हें अपने जानने वाले बेहतरीन संपादकों में से एक और सच्चा दोस्त बताया।

शशि शेखर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 17 साल का शानदार काम, अनगिनत यादें और आज की एक यादगार शाम के साथ एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि भले ही यह बदलाव अचानक हुआ है, लेकिन वह हर कदम पर सुकुमार के साथ हैं।

सुकुमार की तारीफ करते हुए शशि शेखर ने उन्हें उन बेहतरीन संपादकों में से एक बताया, जिन्हें उन्होंने जाना है। उन्होंने सुकुमार को अपना सच्चा दोस्त बताते हुए लिखा कि उनकी कमी खलेगी।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

HT की टीम ने सुकुमार रंगनाथन को दी विदाई, सोनल कालरा ने कही दिल छू लेने वाली बात

हिन्दुस्तान टाइम्स (Hindustan Times) की लीडरशिप टीम ने अपने निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ सुकुमार रंगनाथन (R. Sukumar) को विदाई दी।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
Sonal Kalra Tweet

हिन्दुस्तान टाइम्स (Hindustan Times) की लीडरशिप टीम ने अपने निवर्तमान एडिटर-इन-चीफ सुकुमार रंगनाथन (R. Sukumar) को विदाई दी। इस मौके पर हिन्दुस्तान टाइम्स की चीफ मैनेजिंग एडिटर (एंटरटेनमेंट एंड लाइफस्टाइल) सोनल कालरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर उनके प्रति सम्मान जाहिर किया।

उन्होंने लिखा कि हिन्दुस्तान टाइम्स की लीडरशिप टीम सुकुमार को विदाई दे रही है। सोनल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, 'एडिटर-इन-चीफ तो कई होते हैं, लेकिन सुकुमार जैसा कोई नहीं।'

सोनल कालरा की इस पोस्ट में सुकुमार रंगनाथन के प्रति उनके सहयोगियों के सम्मान और उनके साथ जुड़ाव की झलक देखने को मिलती है। गौरतलब है कि सुकुमार रंगनाथन ने करीब दो दशक तक HT Media के साथ काम किया। वह बिजनेस अखबार मिंट (Mint) के संस्थापक संपादकों में शामिल रहे और बाद में हिन्दुस्तान टाइम्स के एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी संभाली। अगस्त 2026 में उनके संस्थान छोड़ने की घोषणा हुई थी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Tata Play के ब्रॉडबैंड कारोबार पर ACT की नजर, कीमत पर फंसा पेंच!

टाटा संस और वॉल्ट डिज्नी की संयुक्त हिस्सेदारी वाली डायरेक्ट-टू-होम (DTH) कंपनी टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार को बेचने की तैयारी में है।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
TATAPlay54454

टाटा संस और वॉल्ट डिज्नी की संयुक्त हिस्सेदारी वाली डायरेक्ट-टू-होम (DTH) कंपनी टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार को बेचने की तैयारी में है। कंपनी इस कारोबार को बेचने के लिए एसीटी फाइबरनेट (ACT Fibernet) का संचालन करने वाली कंपनी एट्रिया कन्वर्जेंस टेक्नोलॉजीज (Atria Convergence Technologies) के साथ बातचीत कर रही है। 'इकोनॉमिक टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों के बीच अभी कीमत को लेकर सहमति नहीं बन पाई है।

1,500 करोड़ रुपये की मांग, ACT का 800 करोड़ का प्रस्ताव

रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा प्ले अपने ब्रॉडबैंड कारोबार के लिए करीब 1,500 करोड़ रुपये मांग रही है, जबकि ACT इस कारोबार के लिए लगभग 800 करोड़ रुपये देने को तैयार है। यानी दोनों कंपनियों की कीमत के आकलन में करीब 700 करोड़ रुपये का अंतर है। टाटा प्ले के इस कारोबार से करीब 6.5 लाख ग्राहक जुड़े हुए हैं।

हालांकि, अभी यह बातचीत शुरुआती स्तर पर है और सौदे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। दोनों कंपनियों ने इस संबंध में भेजे गए सवालों का जवाब भी नहीं दिया था।

घाटा कम हुआ, ब्रॉडबैंड कारोबार की आय बढ़ी

टाटा प्ले ब्रॉडबैंड के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का शुद्ध घाटा घटकर 78 करोड़ रुपये रह गया, जो वित्त वर्ष 2025 में 101 करोड़ रुपये था। वहीं, इस दौरान कारोबार से होने वाली आय 383 करोड़ रुपये से बढ़कर 453 करोड़ रुपये हो गई।

दूसरी ओर, ACT के करीब 25 लाख ग्राहक हैं। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में 2,204 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 257 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ACT देश की सबसे बड़ी गैर-टेलीकॉम इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी है।

DTH कारोबार पर दबाव के बीच टाटा प्ले का कदम

टाटा प्ले का यह संभावित सौदा ऐसे समय में सामने आया है, जब देश में पे-डीटीएच कारोबार लगातार दबाव का सामना कर रहा है। ग्राहक फ्री डिश और नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, यूट्यूब व जियोहॉटस्टार जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पे-डीटीएच ग्राहकों की संख्या अप्रैल-जून 2025 में करीब 5.6 करोड़ थी, जो अप्रैल-जून 2026 में घटकर 4.856 करोड़ रह गई। इसके बावजूद टाटा प्ले 30 फीसदी से अधिक बाजार हिस्सेदारी के साथ इस क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी बनी हुई है।

वित्त वर्ष 2026 में टाटा प्ले का कुल रेवेन्यू 13.5 फीसदी घटकर 3,530 करोड़ रुपये रह गया, जबकि कंपनी का शुद्ध घाटा 4.2 फीसदी बढ़कर 551 करोड़ रुपये हो गया। इससे पहले कंपनी ने भारती एयरटेल के साथ अपने डीटीएच कारोबार के संभावित विलय को लेकर भी बातचीत की थी, लेकिन यह किसी सौदे में नहीं बदल पाई।

ACT भी ब्रॉडबैंड कारोबार पर बढ़ा रही है फोकस

ACT भी अपने कारोबार को ब्रॉडबैंड सेवाओं पर केंद्रित कर रही है। इसी साल जून में कंपनी ने अपने सात केबल टीवी कारोबार जीटीपीएल हैथवे (GTPL Hathway) को 36 करोड़ रुपये में बेच दिए थे। इन कारोबारों के करीब 6 लाख ग्राहक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में थे।

अगर टाटा प्ले और ACT के बीच यह सौदा पूरा होता है, तो ACT को अपने ब्रॉडबैंड कारोबार का विस्तार करने का मौका मिलेगा। वहीं, टाटा प्ले अपने कारोबार के ढांचे में बदलाव कर सकती है। फिलहाल, दोनों कंपनियों के बीच कीमत को लेकर सहमति बनना इस संभावित सौदे का अहम पहलू होगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

TV9 भारतवर्ष के एडिटर पारितोष चतुर्वेदी बसाने जा रहे हैं घर, हेमंत शर्मा ने यूं दी बधाई

हिंदी न्यूज चैनल टीवी9 भारतवर्ष के संपादक पारितोष चतुर्वेदी जल्द ही अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।

Samachar4media Bureau by
Published - Monday, 23 November, 2026
Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
Paritosh Chaturvedi

हिंदी न्यूज चैनल टीवी9 भारतवर्ष के संपादक पारितोष चतुर्वेदी जल्द ही अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह मकर संक्रांति के आसपास दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगे। इस बात की जानकारी टीवी9 भारतवर्ष के न्यूज डायरेक्टर और वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए दी है। उन्होंने पारितोष चतुर्वेदी को बधाई देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की है।

यहां आप हेमंत शर्मा की फेसबुक पोस्ट को हूबहू पढ़ सकते हैं-

मित्रों,

हमारे अनुज, मित्र और संपादक पारितोष चतुर्वेदी ने आखिरकार अपना घर बसाने का फैसला कर लिया. काफ़ी इंतज़ार और जनता की बेहद मॉंग पर….इस सवाल पर उनका कहना है कि लम्बी दूरी तय करने में वक़्त तो लगता है. समाज के कायदे भी यही कहते हैं कि दुर्घटना से देर भली. तो भंतो, इसी माघ महीने में सूर्य जब धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करेगा. तभी पारितोष भी दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेगें. यानी सूर्य के उत्तरायण होते ही संपादक जी भी दख्खिन से उत्तर की ओर मुख़ातिब होगें. आप जानते हैं कि महाभारत से लेकर आज तक सारे बड़े फैसले उत्तरायण में ही होते रहे हैं. यह पर्व बदलाव, उत्सव, उल्लास और नई फ़सल का है.

कोई तीन महीने पहले मैंने उनकी सालगिरह पार्टी में कहा था कि इस दावत को आप दावते वलीमा की पूर्व पीठिका भी समझ सकते हैं. हम सब की यही इच्छा और ईश्वर से प्रार्थना भी थी. हमारी दोनों ने सुनी. ईश्वर ने भी और पारितोष ने भी. और अब समय है इस युग्मानुबंधन को अभिनंदित करने का. कहते हैं कि विवाह व्यक्ति को अधिक ज़िम्मेदार और सलीकेदार बनाता है. पारितोष में यह गुण जन्मजात है. लेकिन कितना भी सधा-संवरा और अनुशासित व्यक्ति हो, जीवन में प्रेम का होना, साथी का होना, संग होना व्यक्ति को जीवंत रखता है. पारितोष ने इसे पा लिया है और सार्वजनिक जीवन में इसकी घोषणा भी कर दी है.

प्रेम करना, युगल होना प्रकृति का नियम है. विवाह करना समाज का. सामाजिक रूप से जब हम युगल होते हैं तो उसके साथ सामाजिक दायित्व भी आते हैं और अनुशासन भी. एक व्यवस्थित और टिकाऊ व्यवस्था बनती है. परिवार को अस्तित्व मिलता है. सृजन के लिए अपेक्षित शुद्धता, सहयोग, प्रेम और समर्पण आता है. केवल संतति ही नहीं, परिवार एक चरित्र को, संस्कृति को, स्थिरता और संस्कारों को पोषित करता है. वो हमें नैतिक और आध्यात्मिक बल भी देता है. चीज़ें, जिन्हें रचने बनाने में समय लगता है, इसी परिवार रूपी इकाई में अपने को बनती और बढ़ती हुई पाती हैं.

मैं व्यक्तिगत रूप से पारितोष के लिए इसकी ज़रूरत को समझता भी था और प्रमोद पूर्वक उनसे इस दिशा में बढ़ने के लिए कहता भी रहता था. वो एक दक्ष व्यक्ति हैं. लेकिन इस दक्षता को एक साथ मिलने से वो और चमककर, उज्ज्वल होकर उभरेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है. यह शुरुआत दोनों को जीवन में एक नई ताज़गी, स्पंदन और लक्ष्य देगी. यह संग इन दोनों को और सुंदर, योग्य और श्रेष्ठ बनाएगा, यही बाबा विश्वनाथ से कामना है. आगे के मंगल कार्य अपने तय समय पर होंगे. यथोचित समय और अवसर पर सूचना तो मिलेगी. तब तक, आइए हम उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दें.

जय जय

(वरिष्ठ पत्रकार और टीवी9 के न्यूज डायरेक्टर हेमंत शर्मा की फेसबुक वॉल से साभार)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए